प्रखंड स्तर पर डिग्री की पढाई राज्य सरकार के दूरगामी सोच का परिणाम- विधायक

SHARE:

राजकीय डिग्री कालेज में हुआ पठन-पाठन का शुभारंभ

डंडखोरा/कटिहार–विभागीय निर्देशानुसार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय सौरिया के भवन में नवसृजित राजकीय डिग्री कालेज, डंडखोरा के पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ हो गया है।स्थानीय विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी,विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रो.जीतेश कुमार, प्राचार्य डा.विनय कुमार पांडेय ने अन्य अतिथियों के साथ समारोहपूर्वक शिलापट अनावरण कर महाविद्यालय तथा फीता काटकर महाविद्यालय के वर्ग कक्ष का शुभारंभ किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में कई शिक्षाविद,पंचायती राज जनप्रतिनिधि,एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में आमजन व छात्र-छात्रा शामिल हुए।समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि अभी महाविद्यालय में अंग्रेजी, हिन्दी,इतिहास समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्रतथा अर्थशास विषयों के लिए नामांकन हुआ है।

उन्होंने महाविद्यालय के संसाधनों का जिक्र करते हुए विधायक, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय पदाधिकारियों से समस्याओं के निदान में सहयोग करने की अपील की।विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रखंडस्तर पर डिग्रीस्तर की पढाई शुरु हो जाने से दूरदराज के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को शहर का रुख नहीं करना होगा।खासकर बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिलेगा।जिससे बेटियां भी राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी दे पायेंगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा,स्वास्थ्य एवं आवागमन व्यवस्था में सुधार राज्य में एनडीए सरकार की प्राथमिकता सूची में शामिल रही है।उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को अपने स्तर से हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे इस महाविद्यालय को राज्य के सबसे बेहतर महाविद्यालय के रुप में देखना चाहते हैं।श्री गोस्वामी ने कहा कि कालेज का भवन,उपस्कर,प्राध्यापक सहित अन्य संसाधनों की कमी को भी विभागीयस्तर पर जल्द हीं दूर कर लिया जाएगा।

विधायक ने आमजनों,स्थानीय प्रतिनिधियों एवं शिक्षाविदों से भी इसे माॅडल डिग्री कालेज बनाने में सहयोग की अपील की। समारोह को प्रो.जीतेश कुमार,पूर्व प्राचार्य प्रभूनारायण लाल दास ने भी संबोधित किया।इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा गोराडीह भागलपुर से राज्य के 211 प्रखंडों में नवसृजित डिग्री कालेज में पठन-पाठन के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।

मंच संचालन प्रो. जितेन्द्र वर्मा ने किया।जबकि समारोह में पूर्व प्राचार्य डा.दिलीप कुमार यादव, प्रो.अमरनाथ पाठक, प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश, जिला पार्षद मुकेश पोद्दार,मुखिया निरंजन मंडल, पूर्व प्रमुख सह पंसस सूरज साह,हवा देवी,जदयू जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय,बीएओ शिवानी गुप्ता, बीपीएम जीविका सूरज दास,पूर्व जिला पार्षद पुरुषोत्तम वर्मा,कुंदन महतो, नरेश मंडल,रमेश मंडल, प्रधानाध्यापक राजेश कुमार, निरंजन पोद्दार,इजहार आलम सहित सैकड़ो अन्य मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!