संदिग्ध हालत में घूम रहे दो युवक पकड़े गए
बीएनएसएस धारा 128 के तहत कार्रवाई
कटिहार – जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित आपराधिक घटना टल गई। कोढ़ा थाना अप्राथमिकी संख्या 01/26, दिनांक 14.07.2026 के अंतर्गत बीएनएसएस की धारा 128 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।गिरफ्तार युवक की पहचान रूपेश कुमार, पिता महेंद्र महतो, निवासी गढ़िया बलुआ शिव मंदिर टोला, वार्ड संख्या 07, थाना केनगर, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है।
वहीं, निरुद्ध बालक की पहचान ज्योतिष कुमार, पिता बोकाई महतो, निवासी उसी टोला के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों को कोढ़ा बाजार के आसपास संदिग्ध परिस्थिति में घूमते हुए पाया गया। गश्ती दल को उनके हाव-भाव और गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद पूछताछ और निगरानी की गई। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई कि दोनों मोबाइल झपटमारी जैसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।
संभावित अपराध को समय रहते रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए की गई, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।पकड़े गए दोनों आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु माननीय अनुमंडल दंडाधिकारी के न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की सक्रिय भूमिका रही।कोढ़ा पुलिस की इस तत्परता से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि अपराधियों के मंसूबों को समय रहते नाकाम करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
























