इश्क, साजिश और सुपारी…एमवीआई पत्नी ने प्रेमी संग लिखी पति के कत्ल की पटकथा,34 दिन बाद खुला मर्डर का राज

SHARE:

कटिहार – कटिहार रेलवे क्षेत्र से सामने आई सनसनीखेज मर्डर मिस्ट्री ने हर किसी को हैरान कर दिया। कहानी बिल्कुल किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म जैसी है। जहां प्यार ने रिश्तों का कत्ल कर दिया और एक एमवीआई पत्नी ने अपने ही पति की मौत की पूरी स्क्रिप्ट लिख डाली। जम्मू में तैनात विद्युतकर्मी देवकुमार गुंजन जनसाधारण एक्सप्रेस से अपनी पत्नी से मिलने घर लौट रहे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस पत्नी से मिलने की बेकरारी थी वही उनकी मौत का इंतजाम पहले ही कर चुकी है।

ट्रेन में गोली मारकर की गई थी देव कुमार की हत्या

बीते 11 जून को मानसी रेल थाना क्षेत्र के बदलाघाट के पास चलती ट्रेन में देवकुमार को बेहद करीब से गोली मार दी गई थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुरुआत में मामला अज्ञात अपराधियों के खिलाफ दर्ज हुआ। रेल पुलिस के लिए यह एक ब्लाइंड मर्डर था। लेकिन 34 दिनों तक तकनीकी और वैज्ञानिक जांच,मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल की कड़ियां जोड़ने के बाद ऐसा खुलासा हुआ जिसने सबको चौंका दिया।

MVI पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश

जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी समिता कुमारी जो सुपौल में एमवीआइ के पद पर तैनात हैं। उसका जहानाबाद निवासी अजीत कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के मुताबिक दोनों के रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा देवकुमार थे। इसके बाद दोनों ने मिलकर सुपारी किलर राजू कुमार उर्फ धीरज को हायर किया और चलती ट्रेन में गोली मरवाकर हत्या की साजिश को अंजाम दिया।

आरोपी पत्नी समेत तीन को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रेल एसपी हरिशंकर कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एमवीआइ समिता कुमारी, उसके प्रेमी अजीत कुमार और सुपारी किलर राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में तीनों ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोबाइल और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। इश्क… साजिश… सुपारी… और फिर कत्ल। 34 दिन बाद इस मर्डर मिस्ट्री से पर्दा तो उठ गया लेकिन इस वारदात ने रिश्तों के भरोसे और विश्वास पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए।

रिपोर्ट:सत्येंदु सुमन

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!