कटिहार -जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, निर्धारित मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित कराने तथा कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिला कृषि पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।जिसमें विभागीय पदाधिकारियों सहित थोक विक्रेता शामिल हुए।
डीएओ ने सभी थोक एवं उर्वरक विक्रेताओं को खरीफ मौसम में किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उन्होंने स्पष्ट रुप से कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दर पर किसी भी परिस्थिति में उर्वरक की बिक्री बर्दास्त नहीं की जाएगी।
निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, कालाबाजारी, कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 एवं प्रचलित नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई करते हुए चिह्नित विक्रेता का अनुज्ञप्ति निलंबन अथवा रद्दीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
डीएओ ने कहा कि उर्वरकों में किसी भी प्रकार के सूक्ष्म पोषक तत्व, कीटनाशी, जैव उत्पाद अथवा अन्य कृषि सामग्री की अनिवार्य टैगिंग या किसानों को किसी भी अतिरिक्त उत्पाद की खरीद के लिए बाध्य करना पूर्णतः नियम विरुद्ध है। ऐसी शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित कंपनी एवं विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्टॉक एवं मूल्य सूची का अनिवार्य प्रदर्शन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
विक्रेताओं को भी निर्धारित मूल्य पर उर्वरकों की बिक्री, अभिलेखों का समुचित संधारण एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया गया।जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरकों की खरीद करें तथा खरीद का कैश मेमो भी अनिवार्य रूप से प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि की मांग, टैगिंग के लिए बाध्य अथवा कालाबाजारी की जाती है, तो इसकी सूचना संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी,अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अथवा जिला कृषि कार्यालय को दें।
उन्होंने बताया है कि जिले में वर्तमान समय में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने उर्वरकों के वर्तमान स्टॉक की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में 9194.89 एमटी युरिया, 3719.40 एमटी डीएपी, 2644.605 एमटी एमओपी, 8370.33 एमटी एनपीके, 1948. 95 एमटी एसएसपी उपलब्ध है।आवश्यकता उर्वरकों की आपूर्ति भी लगातार की जा रही है।उन्होंने आश्वासन दिया है कि किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता में कठिनाई नहीं होने दी जाएगी।जिला कृषि पदाधिकारी ने विभागीय पदाधिकारियों, कंपनियों एवं विक्रेताओं को किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उर्वरकों का पारदर्शी, सुचारु एवं नियम सम्मत वितरण सुनिश्चित करने, प्रशासन के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने तथा रासायनिक खाद से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए किसानों को अधिक से अधिक जैव उर्वरकों के उपयोग हेतु जागरुक करने की भी बात कही।





















