अमदाबाद /कटिहार – नगर पंचायत क्षेत्र के पासवान टोला गांव में विगत रात करीब नौ बजे भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष की ओर से निर्मल राम के सिर पर हसुआ से वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमदाबाद लाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. साकेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि निर्मल राम के सिर में गहरा जख्म है।
घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने अमदाबाद थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी सह अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए विष्णु राम एवं किशन राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।






















