सागर चंद्रा /किशनगंज
शराब के नशे में चूर होकर आये दिन दुर्व्यवहार और मारपीट करने से तंग आकर एक महिला ने अपने पति को पुलिस के हवाले कर दिया। शहर के दिलावरगंज वार्ड नंबर 10 निवासी पीड़ित महिला रेशमी देवी के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति जेठमल बोसाक को जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार आरोपी जेठमल बोसाक को शराब पीने की बुरी लत गई थी। वह अक्सर शराब के नशे में धूत होकर घर वापस आता था और अकारण ही पत्नी रेशमी के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट करता था। उसके रोज रोज की प्रताड़ना से रेशमी तंग आ गई थी।
गत रविवार शाम भी जब जेठमल बोसाक शराब पीकर घर वापस लौटा और पत्नी के साथ मारपीट कर घर में तोड़फोड़ करने लगा तो रेशमी ने फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति जेठमल बोसाक को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान आरोपी के द्वारा शराब का सेवन करने की पुष्टि होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।























