पटना:राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में सोमवार को पटना जिले के राजस्व कार्यों की प्रगति एवं प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अंचलों में संचालित राजस्व सेवाओं, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन, आमजन की शिकायतों के प्रभावी समाधान तथा विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान मंत्री डॉ. जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक राजस्व सेवा का लाभ निर्धारित समय-सीमा के भीतर आम नागरिकों तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों के निष्पादन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, शिकायत निवारण तंत्र को और प्रभावी बनाने तथा आम लोगों को बेहतर और सुगम राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभाग के सचिव जय सिंह, सचिव सीमा त्रिपाठी, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत, अपर सचिव प्रशांत सीएच, डॉ. महेंद्र पाल एवं आजीव वत्सराज, विशेष कार्य पदाधिकारी नवाजिश अनवर एवं अनुपम प्रकाश, अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी शैलेश श्रीवास्तव, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






















