बौलिया पंचायत में निर्माणाधीन पुल की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

SHARE:


8–9 दिन में शटरिंग खोलने का आरोप*

मनिहारी /कटिहार- मनिहारी –कटिहार को जोड़ने वाली दूसरी प्रमुख सड़क पर बन रहे एक पुल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला नवाबगंज रघु चौक से बाघमारा, बौलिया होते हुए दिलारपुर चौक तक बन रही सड़क परियोजना का है। इसी सड़क पर बौलिया पंचायत भवन के समीप निर्माणाधीन पुल में कथित अनियमितता का आरोप लगाया गया है।

स्थानीय मुखिया जर्जिस आलम, सरपंच तस्लीम आरिफ, पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद मोकीम सहित कई ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की ढलाई 1–2 जुलाई को की गई थी, लेकिन महज 8–9 दिनों के भीतर ही शटरिंग खोल दी गई। उनका कहना है कि इतनी मोटी आरसीसी ढलाई का शटरिंग इतनी जल्दी हटाना तकनीकी रूप से उचित नहीं है। ग्रामीणों ने उदाहरण देते हुए कहा कि सामान्य घर की छत की ढलाई के बाद भी 25–30 दिनों तक शटरिंग रखी जाती है,

जबकि यह पुल भविष्य में भारी वाहनों का भार उठाएगा। जब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि शटरिंग खोलने का निर्देश साइट के मुंशी ने दिया था।

वहीं, मुंशी ने गलती स्वीकार करते हुए दोबारा शटरिंग लगाने की बात कही। हालांकि ग्रामीणों ने इस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक बार शटरिंग हटाने के बाद उसे दोबारा लगाने से क्या पहले जैसी मजबूती सुनिश्चित हो पाएगी? उनका कहना है कि भविष्य में पुल में दरार आने या भारी वाहनों के दबाव में नुकसान होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।


ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच, गुणवत्ता की निष्पक्ष समीक्षा तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।इस बाबत पूछे जाने पर पुल निर्माण कार्य मे लगे कनीय अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि मजदूरों ने बिना परामर्श के ही एक भाग का कुछ सेटरिंग हटा लिया था, जानकारी मिलते ही इसे पुनः दुरुस्त करा लिया गया है।


गौरतलब है कि यह सड़क मनिहारी और कटिहार के बीच दूसरी महत्वपूर्ण संपर्क सड़क मानी जाती है। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल आम लोगों की सुरक्षा से भी सीधे जुड़े हुए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!