पुलिस और एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: 60.50 लाख की हेरोइन के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखानी थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 326 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल तथा 992 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में सुखानी थाना क्षेत्र के कादो गांव रेलवे ब्रिज के समीप वाहन जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान आलम उर्फ आलम (47 वर्ष) और तसवर आलम (28 वर्ष), दोनों निवासी बहादुरगंज थाना क्षेत्र, के रूप में हुई है।


पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बहादुरगंज इलाके में छोटे-छोटे हेरोइन तस्करों को नशीले पदार्थ की आपूर्ति करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, हेरोइन के आपूर्तिकर्ताओं तथा अवैध संपत्ति की भी जांच कर रही है। पूरे गिरोह के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


इस संबंध में सुखानी थाना कांड संख्या-40/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी)/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!