ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह
नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए ठाकुरगंज पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 157 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुट गई है।
ठाकुरगंज पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विशेष अभियान के दौरान भरत साह (लगभग 40 वर्ष), पिता स्वर्गीय निरंजन साह, निवासी कॉलेज मोड़, वार्ड संख्या-11, थाना ठाकुरगंज, जिला किशनगंज को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 157 ग्राम ब्राउन शुगर तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। मामले में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ठाकुरगंज पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।



























