राजकीय डिग्री महाविद्यालय टेढ़ागाछ (बेनुगढ़) में बी.ए. नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ, छात्र छात्राओं में उत्साह

SHARE:


टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राजकीय डिग्री महाविद्यालय टेढ़ागाछ (बेनुगढ़) में बी.ए. डिग्री कोर्स के लिए नामांकन प्रक्रिया विधिवत रूप से प्रारंभ कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार दिनांक 19-06-2026 से 20 जून तक कुल अबतक 25 विद्यार्थियों का सफलतापूर्वक नामांकन किया जा चुका है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में उच्च शिक्षा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

महाविद्यालय के प्रधानाध्यापक एजाज़ अहमद अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन की प्रक्रिया 19 अप्रैल से प्रारंभ की गई थी। उन्होंने बताया कि अब तक 25 विद्यार्थी विभिन्न विषयों में नामांकन करा चुके हैं और आगे भी नामांकन प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय में सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि, महाविद्यालय में आधारभूत सुविधाओं की कमी तथा बैंक की दूरी अधिक होने के कारण विद्यार्थियों को नामांकन एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षक मंजर सबा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले छात्रों को वित्तीय लेन-देन एवं दस्तावेज़ी प्रक्रियाओं के लिए दूर-दराज स्थित बैंकों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बर्बादी हो रही है।

स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि महाविद्यालय में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाए तथा बैंकिंग सेवाओं की वैकल्पिक व्यवस्था या निकटतम सुविधा केंद्र की स्थापना की जाए, ताकि विद्यार्थियों को राहत मिल सके और उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सके।

क्षेत्रीय नागरिकों का मानना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति प्रभावित हो सकती है। इसके बावजूद महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सीमित संसाधनों में बेहतर शिक्षा प्रदान करने का प्रयास सराहनीय बताया जा रहा है।महाविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया अभी जारी है और आने वाले दिनों में विद्यार्थियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई