बाढ़ में फंसे जवानों व हथियारों को सुरक्षित निकाला गया,एसएसबी का सफल राहत अभियान

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ की स्थिति में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमा चौकी (बीओपी) बक्सरवीटा में सफल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अभियान के दौरान बाढ़ से घिरी चौकी से सभी जवानों, सरकारी संपत्तियों, हथियारों एवं गोला-बारूद को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, 19 जून की सुबह करीब 7:12 बजे 41वीं वाहिनी एसएसबी के नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि लगातार बारिश के कारण बीओपी बक्सरवीटा में अचानक बाढ़ आ गई है। जलस्तर तेजी से बढ़ने से चौकी पर तैनात जवानों और सरकारी संसाधनों की सुरक्षा चुनौती बन गई थी।

सूचना मिलते ही द्वितीय-कमान अधिकारी (कार्यवाहक कमांडेंट) एम. ब्रोजेन सिंह के निर्देश पर क्षेत्रक मुख्यालय रानीडांगा की राहत एवं बचाव टीम (आरआरटी), जो 19वीं वाहिनी एसएसबी के तवालविता शिविर में तैनात थी, को तत्काल रवाना किया गया। उप कमांडेंट (प्रचालन) बिनोद कुमार दास के नेतृत्व तथा सहायक उपनिरीक्षक (सामान्य) सत्यपाल सिंह के मार्गदर्शन में 20 प्रशिक्षित जवानों की टीम ने बिना विलंब के बक्सरवीटा पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया।

कठिन परिस्थितियों के बीच टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सीमा चौकी में सुरक्षित रखे सभी सरकारी भंडार, हथियार एवं गोला-बारूद को बाहर निकाला। साथ ही वहां तैनात 15 जवानों को सुरक्षित निकालकर मुख्यालय निंबुगोरी एवं बीओपी लंगराडुबा में स्थानांतरित किया गया।

यह पूरा अभियान क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी रानीडांगा के उप महानिरीक्षक संजय कुमार सारंगी के पर्यवेक्षण तथा 41वीं वाहिनी के कमांडेंट विवेक कुमार की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

एसएसबी की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से न केवल जवानों और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि आपदा की घड़ी में बल की तत्परता, पेशेवर दक्षता और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता भी एक बार फिर सामने आई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई