बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, तटबंधों और कटाव स्थलों का हुआ निरीक्षण

SHARE:

अररिया/अरुण कुमार

आगामी मानसून और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए अररिया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बाढ़ से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) नवनील कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने नरपतगंज, रानीगंज और भरगामा प्रखंड के संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया।


निरीक्षण दल में फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी, नरपतगंज अंचलाधिकारी रविंद्र कुमार तथा राजस्व पदाधिकारी राम उदगार चौपाल भी शामिल रहे। अधिकारियों ने नदियों के तटबंधों, कटाव प्रभावित इलाकों और बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों का दौरा कर जमीनी स्थिति का आकलन किया।
विशेष रूप से भरगामा और नरपतगंज प्रखंड के बीच बहने वाली नदियों के तटबंधों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

इस दौरान उन स्थानों पर विशेष नजर रखी गई, जहां पिछले वर्षों में कटाव या तटबंधों पर दबाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक सुरक्षात्मक और मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) नवनील कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।


प्रशासन का दावा है कि बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर हर स्तर पर सतत निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में लोगों को त्वरित राहत और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई