दस केंद्रों में संचालित मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल के दूसरे फेज की परीक्षा में 3830 परीक्षार्थी हुए उपस्थित
5338 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
किशनगंज/प्रतिनिधि
जिला मुख्यालय के दस केंद्रों में बुधवार को मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के पदों के दूसरे फेज की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई।हालांकि पहली पाली की परीक्षा में जगन्नाथ स्कूल और गर्ल्स हाई स्कूल केंद्र से दो अभ्यर्थी को निष्कासित किया गया है।दोनों अभ्यर्थियों पर इसी परीक्षा में पहले 14 जून को हुए पहले फेज की परीक्षा और बुधवार को हुए दूसरे फेज की परीक्षा में शामिल होने के आरोप में प्रावधान के अनुसार कार्रवाई की गई है। वहीं परीक्षा दो पालियों में हुई।
दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 3830 परीक्षार्थी शामिल हुए और 5338 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहें।परीक्षा में आसपास के जिलों के अलावे दूर दराज के जिलों के अभ्यर्थी शामिल हुए।परीक्षा दो पालियों में हुई।डीएम विशाल राज, एसपी संतोष कुमार एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ वन खुसरू सिराज, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार सहित प्रशासन व पुलिस के अधिकारी परीक्षा केंद्रों का जायजा ले रहे थे।
एसडीएम अनिकेत कुमार ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षा शांति पूर्ण संपन्न हो गई है।परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने के डेढ़ घण्टे पूर्व ही निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश द्वार पर जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद में प्रवेश करने दिया जा रहा था।परीक्षा कक्ष में परीक्षा शुरू होने से पहले व परीक्षा समाप्ति तक वीक्षक के द्वारा भी मोबाइल फोन ले जाना वर्जित था। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर प्रवेश करने हेतु प्रवेश पत्र के आधार पर अनुमति दी जा रही थी। परीक्षा कक्ष में महिला परीक्षार्थियों की तलाशी हेतु महिला पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेन किशनगंज से हुई रवाना
मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के पदों के दूसरे फेज की लिखित परीक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण रेलवे के द्वारा किशनगंज रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन की सुविधा दी गई थी। परीक्षार्थियों की भीड़ के मद्देनजर उक्त ट्रेन की सुविधा रेलवे के द्वारा प्रदान की गई है। विशेष ट्रेन बुधवार को अपने निर्धारित समय 7 बजे संध्या में किशनगंज से पाटलिपुत्र जक्शन के लिए रवाना हुई है।ट्रेन परीक्षार्थियों से भरी हुई थी।




























