दिलशाद । गलगलिया
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित भातगांव बॉर्डर बाजार में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दर्जनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं और जलकर राख हो गईं। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की शुरुआत मछली एवं चिकन व्यवसायी नूर आलम कुरैशी की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से हुई। स्थानीय लोगों का दावा है कि आग लगने के दौरान कुल तीन गैस सिलेंडर विस्फोट हुए, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से आसपास की दुकानों में फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही 41वीं बटालियन एसएसबी भातगांव के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। वहीं नेपाल के झापा जिले की भद्रपुर नगरपालिका से दमकल की टीम भी बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंची।
नेपाली दमकल चालक कमल नेपाल और हवलदार उदय शेरपा के नेतृत्व में सत्य राजवंशी, विकास सितुला और विक्रम मिश्रा सहित दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। एसएसबी जवानों, नेपाल की दमकल टीम और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस भीषण अग्निकांड में मछली व्यवसायी नूर आलम कुरैशी की दुकान तथा डॉ. समादर की दवा दुकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। इसके अतिरिक्त कई राशन, कपड़ा और किराना प्रतिष्ठान भी आग की चपेट में आकर मलबे में तब्दील हो गए।
इस आपदा के बीच भारत और नेपाल के नागरिकों, एसएसबी जवानों तथा नेपाल से पहुंची दमकल टीम ने मिलकर अद्भुत भाईचारे और मानवीय सहयोग की मिसाल पेश की। उनके संयुक्त प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे सैकड़ों लोगों का रोजगार पूरी तरह स्वाहा होने से बच गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमित निगरानी के अभाव के कारण यह हादसा इतना बड़ा रूप ले सका। कुछ स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि संबंधित दुकान में खुले में पेट्रोल बेचा जाता था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हालांकि इस आगजनी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। वहीँ प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
जनप्रतिनिधियों ने अगलगी की घटना का लिया जायजा
मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड विधायक गोपाल अग्रवाल,मजलिस पार्टी के नेता गुलाम हसनैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए पीड़ित दुकानदारों को मदद का भरोसा दिया ।विधायक गोपाल अग्रवाल ने कहा कि दुकान में पेट्रोल भी बेचा जा रहा था जिसकी वजह से आग ने भयावह रूप ले लिया ।वही गुलाम हसनैन ने कहा कि आग लगने के बाद दमकल की गाड़ी काफी देर से पहुंची जिसकी वजह से इतना नुकसान हुआ है ।श्री हसनैन ने अग्नि पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।



























