समेली में नशा मुक्ति सप्ताह के तहत दिलाई गई शपथ

SHARE:

समेली /कटिहार-समेली प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत नशा मुक्त सप्ताह के अवसर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र सिंह ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और ऊर्जा होते हैं। देश एवं समाज के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए नशा मुक्त भारत अभियान से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ना समय की आवश्यकता है।बीडीओ ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी नुकसान पहुंचाता है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे, बल्कि अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। बदलाव की शुरुआत स्वयं से होती है और यदि प्रत्येक व्यक्ति इस दिशा में प्रयास करे तो समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता है।उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि कटिहार जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

साथ ही युवाओं से सामाजिक जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशा न करने एवं दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।कार्यक्रम में बीडीओ सत्येंद्र सिंह, बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष राधेश्याम मंडल, सीडीपीओ कुमारी स्नेहलता, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विमल कुमार, जीविका बीपीएम प्रकाश सिंह, एसी सुमित कुमार, पूजा नायक, किसान सलाहकार सुनील कुमार शर्मा, नंदन राज, संजय सुमन, उमेश दास सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई