कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को दी उन्नत खेती की जानकारी, विधायक कमरुल होदा ने कहा, शिक्षा और आधुनिक कृषि तकनीक से ही मजबूत होगा किसान परिवार
पोठिया/किशनगंज/राज कुमार
किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खरीफ मौसम में बेहतर उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को पोठिया प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन परिसर में प्रखंड स्तरीय खरीफ प्रशिक्षण सह उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसानों ने भाग लिया और कृषि विशेषज्ञों से उन्नत खेती के गुर सीखे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को बदलते मौसम, जलवायु परिवर्तन और बढ़ती कृषि लागत जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि सही समय पर सही तकनीक का इस्तेमाल कर किसान कम खर्च में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान खरीफ फसलों की उन्नत खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज का चयन, बीज उपचार, मिट्टी जांच के आधार पर उर्वरक का संतुलित उपयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण, जैविक खेती और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसानों से अपील की गई कि वे पारंपरिक खेती के साथ नई तकनीक और आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाएं, जिससे पैदावार बढ़ने के साथ आमदनी में भी वृद्धि हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित किशनगंज विधायक कमरुल होदा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में खेती में बदलाव जरूरी है। किसान आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रों का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने किसानों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की भी अपील करते हुए कहा कि शिक्षित युवा वर्ग आधुनिक खेती को नई दिशा दे सकते हैं।
वहीं बीडीओ मोहम्मद आसिफ और प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक राज ने कहा कि सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं का लाभ लेकर वैज्ञानिक तरीके से खेती करनी चाहिए। कृषि विभाग हर संभव सहयोग के लिए किसानों के साथ खड़ा है।
इस अवसर पर सहायक निदेशक पौधा संरक्षण पदाधिकारी वरुण कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक रमा भारती, आत्मा की प्रखंड तकनीकी प्रबंधक निशत अंजुम, मृदा विभाग की लक्ष्मी कुमारी सहित अन्य अधिकारियों ने किसानों को खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
मौके पर कृषि समन्वयक मनोज कुमार शर्मा, अंसार अहमद रिजवी, पूर्व प्रमुख जाकिर हुसैन, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष आबिद हुसैन, सांसद प्रतिनिधि इमरान आदिल सहित सभी किसान सलाहकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।



























