बहादुरगंज (किशनगंज) प्रतिनिधि
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को बहादुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने की। बैठक में नगर पंचायत मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीकुर रहमान, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मुलाजिम हुसैन अंसारी, नगर प्रबंधक शशि कुमार, विभिन्न मोहर्रम कमेटियों के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसका सभी को विशेष ध्यान रखना होगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने नगर से गुजरने वाली कुछ सड़कों के समतलीकरण की मांग उठाई। इस पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीकुर रहमान ने आश्वासन दिया कि मोहर्रम से पहले आवश्यक स्थानों पर सड़क समतलीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। वहीं नगर प्रबंधक शशि कुमार ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि पर्व के आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मोहर्रम कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम का पर्व पूरी शांति, अनुशासन और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर जदयू जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पार्षद विजय झा ने कहा कि बहादुरगंज की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल अन्य क्षेत्रों में भी दी जाती है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की।
बैठक में एएसआई राम बाबू चौधरी, एएसआई संजय कुमार, मोहर्रम कमेटी अध्यक्ष अतहर आलम, उपाध्यक्ष मेहंदी हसन, सचिव गुलाम सरवर अंसारी, कोषाध्यक्ष दानिश अंसारी, वार्ड पार्षद संजय भारती, उखिया सुकारू लाल, सरपंच तौसीफ आलम, सरपंच पप्पू आलम, दुर्गा कमेटी सदस्य नीतीश कुमार बसाक, वार्ड पार्षद शीतुल कुमार सिन्हा सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।


























