आइसक्रीम विक्रेता के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में सिपाही निलंबित

SHARE:

सागर चंद्रा/किशनगंज


आइसक्रीम विक्रेता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले सिपाही को एसपी संतोष कुमार ने निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो की जांच के आधार पर टाउन थाने में तैनात सिपाही निभाकर चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बताते चलें कि गत 9 जून को सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें शहर के गांधी चौक पर एक पुलिस कर्मी कथित तौर पर वाहनों और ठेलों को ढ़केलता और दुकानदार के साथ दुर्व्यवहार करता दिखा था।


मामला संज्ञान में आते ही एसपी संतोष कुमार ने पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को मामले की जांच का निर्देश दिया। जांच में आरोपी सिपाही की पहचान टाउन थाने में पदस्थापित निभाकर चौधरी के रूप में की गई। जबकि पूछताछ के दौरान स्थानीय लोगों और ठेले वालों ने बताया गया कि घटना के दिन शराब के नशे में धुत्त एक पुलिस कर्मी के द्वारा वाहनों और ठेलों को धक्का मुक्की किया गया था और आइसक्रीम विक्रेता के साथ दुर्व्यवहार भी किया गया था। नतीजतन जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।


एसपी ने बताया कि सिपाही निभाकर चौधरी का यह कृत्य घोर लापरवाही, मनमानेपन, स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता एवं उदण्डतापूर्ण पाया गया है। उसे तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है और 07 दिनों के भीतर कार्रवाई के विरूद्ध स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने कहा कि कर्तव्य के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता, अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार , संदिग्ध आचरण के प्रति जीरो टेलोरेंस की नीति अपनायी गयी है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!