बारसोई /कटिहार – संभावित बाढ़ की चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने और राहत कार्यों को समय पर संचालित करने के उद्देश्य से प्रखंड कार्यालय स्थित सभा भवन में अनुश्रवण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख तमन्ना बेगम ने की। बैठक का सचालन अंचल पदाधिकारी श्याम सुंदर साहा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, पशु चिकित्सकों प्रखंड के सभी थानाध्यक्ष तथा पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बाढ़ पूर्व तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई।
मुख्य अतिथि एसडीओ राजू कुमार ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग अभी से पूरी तरह सतर्क और तैयार रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाव एवं नाविकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षित एवं ऊंचे स्थलों को चिह्नित कर वहां राहत शिविर स्थापित करने की तैयारी पूरी कर ली जाए।
बैठक में सामुदायिक रसोई कम्युनिटी किचन संचालन, खाद्यान्न भंडारण, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा राहत सामग्री वितरण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। पशुपालन विभाग को मवेशियों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा, दवा एवं टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए दवाओं का भंडारण, मेडिकल टीमों की तैनाती तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने को कहा गया।एसडीओ ने स्पष्ट किया कि बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि आपदा की स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में प्रखंड प्रमुख तमन्ना बेगम, प्रतिनिधि जिन्ना, अंचल पदाधिकारी श्याम सुंदर साह, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मुमताज अहमद, डॉक्टर सलीम आलम,बाल विकास परियोजना पदाधिकारी बबीता कुमारी ,राजस्व अधिकारी सोनू कुमार, महिला प्रवेशिका,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, चिकित्सक पशु चिकित्सक एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


























