विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धवेली पंचायत के लोधाबाड़ी स्थित रेतुआ नदी पर आरपी कंस्ट्रक्शन द्वारा निर्माणाधीन आरसीसी पुल के समीप लोगों के आवागमन के लिए अस्थायी डायवर्सन बनाया गया था। बुधवार को नदी में अचानक पानी बढ़ने और तेज धार के कारण यह डायवर्सन बहकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
डायवर्सन के बह जाने से स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। अब लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लगभग 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे दैनिक कार्यों, बाजार आने-जाने, छात्रों की पढ़ाई तथा मरीजों के आवागमन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं होने के कारण डायवर्सन ही आवागमन का एकमात्र साधन था। इसके क्षतिग्रस्त होने से दोनों ओर के गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।


























