टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ थाना में नए थानाध्यक्ष के रूप में दिलशाद खां ने अपना योगदान देकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद थाना परिसर में उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर थाना के अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार, ब्रजकिशोर बेज्जू एवं सरोज कुमार ने संयुक्त रूप से उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद थानाध्यक्ष दिलशाद खां ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण तथा शांति व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध, अवैध गतिविधियों एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नए थानाध्यक्ष ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा तथा मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की।
इस दौरान थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी नए थानाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में बेहतर पुलिसिंग एवं जनसेवा की उम्मीद जताई। स्थानीय लोगों ने भी नए थानाध्यक्ष के आगमन पर खुशी व्यक्त करते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक उम्मीदें जताई हैं। पदभार संभालने के साथ ही टेढ़ागाछ थाना में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।


























