प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल पर बेणुगढ़ टीला में विशेष पूजा-अर्चना

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाकपोखर पंचायत के बेणुगढ़ टीला स्थित बेणु बाबा मंदिर एवं शिव मंदिर में बुधवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य तथा राष्ट्र के विकास और जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की कामना की गई।

कार्यक्रम में भाजपा प्रखंड अध्यक्ष देव मोहन सिंह, कार्यक्रम प्रभारी बसंत कुमार सिन्हा, राजकुमार सिंह, मालती देवी, रवि कुमार दास, रामविलास सिंह, मुकेश कुमार सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश की उन्नति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की प्रार्थना की।

इस अवसर पर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष देव मोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह अवधि केवल सरकारी उपलब्धियों का आंकड़ा नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की प्रेरणादायक गाथा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई हैं। देश आज आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हुई है।


भाजपा नेताओं ने कहा कि सेवा, समर्पण और विकास की भावना के साथ केंद्र सरकार ने देश को नई दिशा दी है। आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों ने भारत को एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए राष्ट्रहित में उनके नेतृत्व में विकास यात्रा के निरंतर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई