ट्रेन का इंजन डब्बे से हुआ अलग
मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज (किशनगंज)।
कटिहार रेल मंडल के ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर बुधवार अहले सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। डायवर्ट रूट से चल रही 15716 अजमेर–किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस स्टेशन से खुलने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। ट्रेन के इंजन और बोगियों के बीच लगी कपलिंग अचानक खुल जाने से इंजन डिब्बों से अलग हो गया और ट्रेन तत्काल रुक गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन स्टेशन से निकलकर अभी थोड़ी ही दूरी तय कर पाई थी कि यह तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। घटना के बाद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि ट्रेन की रफ्तार काफी कम होने के कारण कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के स्थानीय अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और परिचालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेलकर्मियों ने कपलिंग की जांच कर उसे दोबारा जोड़ा तथा आवश्यक तकनीकी परीक्षण किए। सुरक्षा संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला तकनीकी खराबी का प्रतीत हो रहा है। हालांकि कपलिंग खुलने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की तकनीकी निगरानी और ट्रेनों के रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। यदि इसी प्रकार की खराबी ट्रेन की अधिक गति के दौरान होती, तो गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।


























