अररिया-पुर्णिया फोरलेन मार्ग पर भीषण सड़क हादसा,चार की मौत, कई घायल

SHARE:

अररिया – अररिया-पुर्णिया मुख्य मार्ग पर बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के कुसियार गांव पार्क के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। जानकारी अनुसार एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराई और फिर दूसरी लेन में पहुंचकर सामने से आ रही मारुति ब्रेजा से भिड़ गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान पुर्णिया जिले के अमौर प्रखंड क्षेत्र के सकमा बिशनपुर निवासी मायानंद झा (60),शांति देवी (60) और गौतम कुमार ठाकुर उर्फ रंतू (49) बताया जा रहा है। तीनों आपस में मां-बेटे और चाचा के रिश्ते में थे।

इस घटना में साइकिल सवार कोनेन अख्तर, पिता जाहिद गैयारी, अररिया की मौत हो गई। बताया जाता है कि स्कॉर्पियो पर सवार छह लोग मधेपुरा जिले के रामनगर में एक रिश्तेदार के क्रियाकर्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर आये साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना में स्कॉर्पियो और ब्रेजा दोनों वाहनों में सवार कुल 10 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। घायलों में जवाहर झा (60), लक्ष्मी ठाकुर (43) और मधुलता देवी (55) समेत कई लोग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना एवं यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार के कई सदस्यों के प्रभावित होने से गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई