परिवार के 5 लोग जख्मी
फलका /कटिहार – मंगलवार की देर रात तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश के दौरान प्रखंड के मघेली पंचायत स्थित वार्ड संख्या-11 गयारहिका गांव में एक विशाल पीपल का पेड़ एक घर पर गिर जाने के कारण एक एक व्यक्ति की दबने से मौत हो गयी।जबकि घटना में परिवार के अन्य पांच लोग घायल हो गये।
जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कोढ़ा लाया गया।जहां सभी का उपचार चल रहा है।घटना के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद घर के अंदर दबे लोगों को बाहर निकाला गया।इस विशाल पीपल के पेड़ ने मृतक सहित अन्य दो भाई कैलाश राम और विकास राम के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात अचानक तेज आंधी- तूफान के साथ बारिश होने के दौरान मघेली पंचायत के गयारहिका गांव में एक विशाल पीपल का पेड़ विलास राम के घर पर गिर गया।जिससे बिलास राम,पत्नी भारती देवी,पुत्र बालवीर कुमार, दुर्गेश कुमार,पुत्री निभा कुमारी, शिवानी कुमारी सभी घर के अंदर दबे रह गए।आंधी-तूफान थमने के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को अंदर से बाहर निकाला।
लेकिन तबतक बिलास राम (35)की मौके पर मौत हो चुकी थी।घटना के बाद गयारहिका गांव में अफरा तफरी का माहौल हो गया।हर तरफ चीख पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। घटना को लेकर जिला पार्षद गायत्री कुमारी,प्रमुख दीपशिखा सिंह,शंकर मुखिया सहित सभी ग्रामीणों ने प्रशासन से आपदा के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।वहीं घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव सदलबल के साथ मौके पर पहुंच आगे की कार्रवाई में जुट गये।


























