समेली /कटिहार- समेली प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर डूमर स्थित रिलायंस जियो पेट्रोल पंप के समीप एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार की दोपहर की बताई जा रही है।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान मनोहर यादव (33) पिता स्वर्गीय वकील यादव निवासी छोहार पंचायत, समेली तथा सदानंद सिंह (52) पिता सुखदेव प्रसाद, निवासी तेतरी पकड़ा नवगछिया जिला भागलपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना के एसआई शंभू झा, एएसआई डोली कुमारी सहित पुलिस बल के जवान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, समेली पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है तथा आगे की कार्रवाई में जुट गई है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, समेली के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया है। साथ ही घायलों के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से घटना की सूचना दे दी गई है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी मोहम्मद हाशिम, पूर्व प्रमुख प्रकाश मंडल, राजन कुमार, अमित सहारा, समाजसेवी सुनील शर्मा, उत्तम कुमार, प्रवीण रविदास, पवन कुमार मंडल, जितेंद्र कुमार, राहुल भारती सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की है।


























