पटना:बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने राजस्व महा-अभियान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 11 जून से 17 जून तक चलने वाले राजस्व महा-अभियान की अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं की जाएगी। सरकार ने अभियान को सफल बनाने के लिए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
मंत्री डॉ जायसवाल ने बताया कि लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन और राजस्व संबंधी कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से अधिकांश जिलों में विशेष सर्वेक्षण अमीनों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके तहत शिवहर, शेखपुरा, लखीसराय, जहानाबाद और अरवल को छोड़कर शेष जिलों के विशेष सर्वेक्षण अमीनों को स्कैनिंग एवं निष्पादन कार्य में लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आम लोगों के लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा हो सके।
डॉ जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि राजस्व महा-अभियान की सफलता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं मानवबल उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि राजस्व संबंधी सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाए।



























