किशनगंज /प्रतिनिधि
बिहार राज्य अंतर्गत रेलवे के 141 समपारों पर सड़क ऊपरी पुल बनाने की मांग को लेकर बिहार सरकार के उद्योग मंत्री सह पथ निर्माण मंत्री डॉक्टर दिलीप जायसवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजा है।जिसमें निर्माण कार्य की स्वीकृति प्राथमिकता के आधार पर दिए जाने की मांग की गई है।
भेजे गए पत्र के अनुसार बिहार राज्य में पथों पर बढ़ते हुए वाहनों के दवाब के कारण रेलवे समपारों पर लगने वाले जाम एवं इससे लोगों को होने वाले कठिनाई तथा ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राज्य के सभी समपारों पर सड़क ऊपरी पुल (आरओबी) के निर्माण का निर्णय लिया गया है।
इस क्रम में राज्य सरकार के अनुरोध पर रेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राज्य अंतर्गत कुल 219 समपारों पर आरओबी निर्माण की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई थी। विगत वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेलवे बोर्ड द्वारा कुल 78 आरओबी का निर्माण कार्य अनुमोदित कर दिया गया है, जिसके लिए उद्योग मंत्री सह पथ निर्माण मंत्री डॉक्टर दिलीप जायसवाल ने रेल मंत्रालय, भारत सरकार का आभार प्रकट किया है।
साथ ही पत्र में कहा गया है की राज्य में शेष बचे 141 समपारों में से अधिकांश समपारों पर अत्यधिक यातायात दबाव, बार-बार जाम की समस्या से आमजनों को व्यापक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे आपातकालीन सेवाओं में भी बाधा उत्पन्न होती है एवं लोगों के दैनिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इन समपारों पर आरओबी का निर्माण आवश्यक है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।






























