KishanganjNews :युवती का शव मिलने से सनसनी, पिता ने नौ लोगों के खिलाफ दिया आवेदन

SHARE:

राज कुमार/पोठिया/किशनगंज:

किशनगंज जिले में हत्या और संदिग्ध मौत के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्था पंचायत के कोल्था गांव से सामने आया है, जहां रविवार अहले सुबह एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर इलाके में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।


सूचना मिलते ही ठाकुरगंज एसडीपीओं मनोज कुमार सिंह,सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार, छत्तरगाच्छ कैंप प्रभारी शैलेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव की पहचान कराने का प्रयास किया।


कई घंटों की मशक्कत के बाद मृतका की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के भोटाथाना पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 12 महातगच्छ निवासी मकतुब हुसैन की 22 वर्षीय पुत्री शबाना खातून के रूप में हुई। पहचान होते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने युवती की मौत को हत्या बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।


मृतका के पिता मकतुब हुसैन ने पहाड़कट्टा थाना में लिखित आवेदन देकर कोल्था निवासी मंसूर आलम सहित कुल नौ लोगों पर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस आरोपों और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच में जुट गई है।


मामले को लेकर ठाकुरगंज एसडीपीओ 2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कोल्था गांव में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव की पहचान के लिए प्रयास शुरू किया गया, जिसके बाद मृतका की पहचान शबाना खातून के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग का हैं, युवती करीब छह माह पूर्व अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी और उसके प्रेमी का घर कोल्था गांव में ही बताया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।


वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ रही है। लोगों ने ऐसे मामलों में त्वरित जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। युवती की मौत कैसे हुई, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और पूरा सच क्या है, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई