रामपुर प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ,विधायक कविता पासवान ने किया उद्घाटन

SHARE:

खेल से बढ़ता है आपसी भाईचारा और प्रतिभा को मिलता है मंच – रश्मि सिंह

कोढा/कटिहार – कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के रामपुर पंचायत में आयोजित रामपुर प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कोढ़ा विधायक कविता पासवान एवं जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे मैदान में खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान विधायक कविता पासवान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।

विधायक ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में ऊर्जा और एकता का संचार करते हैं। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं को एक मंच प्रदान करती हैं, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि खेल से आपसी भाईचारा बढ़ता है और यह समाज को जोड़ने का काम करता है। रश्मि सिंह ने सभी खिलाड़ियों को अनुशासन के साथ खेल भावना बनाए रखने की अपील की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित सिंह,भाजपा नेता रामनाथ पांडे, नवीन मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और आयोजन समिति की सराहना की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई