जन्मदिन की तैयारियों के बीच घर में पसरा मातम, 10 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह


ठाकुरगंज नगर के कॉलेज मोड़ स्थित रानी सती मंदिर के समीप शनिवार की देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में छोटी बच्ची के जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, उसी घर के 10 वर्षीय मासूम अंकुश कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकुश कुमार अपनी छोटी बहन के जन्मदिन की तैयारियों के बीच दोस्तों के साथ पास की एक दुकान पर मैगी खाने गया था। देर रात वह सड़क पार कर सामने स्थित मॉल की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित टोटो (ई-रिक्शा) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोटो की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह बच्चे को कुचलते हुए उसके ऊपर ही पलट गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल अंकुश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि दुर्घटना के समय टोटो में एक महिला सवारी भी मौजूद थी, जो घटना के बाद वहां से चली गई। वहीं चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।

अंकुश की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ देर पहले जन्मदिन मनाने की तैयारियां हो रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने कॉलेज मोड़ की मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, टोटो चालकों पर सख्त कार्रवाई तथा शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टोटो को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद शहर में टोटो चालकों की लापरवाही और अनियंत्रित रफ्तार को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई