पिंटू यादव गैंग के सक्रिय सदस्य को बकिया सुखाय दियारा से दबोचा
कई संगीन मामलों में थी तलाश
बरारी /कटिहार – कटिहार पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में जिले के मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरारी थाना क्षेत्र के बकिया सुखाय दियारा निवासी अखिलेश यादव लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था और जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी को दियारा क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि अखिलेश यादव दियारा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, लेकिन इस बार पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरफ्तार अखिलेश यादव कुख्यात पिंटू यादव गिरोह का सक्रिय सदस्य है। दियारा क्षेत्र में रंगदारी, वर्चस्व की लड़ाई और आपराधिक गतिविधियों में उसका नाम लगातार सामने आता रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। वर्ष 2025 में बकिया सुखाय दियारा में वर्चस्व को लेकर हुई.
गोलीबारी और दहशत फैलाने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। इस मामले में बरारी थाना कांड संख्या 363/2025 दर्ज किया गया था। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने क्षेत्र में अपना दबदबा कायम रखने के उद्देश्य से फायरिंग की थी और स्थानीय लोगों से रंगदारी की मांग की थी। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी से दियारा क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी। पूछताछ के दौरान उससे गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके ठिकानों और हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। गंगा दियारा क्षेत्र में एक समय पिंटू यादव गिरोह और मोहन गिरोह का दबदबा माना जाता था। दोनों गिरोहों के बीच वर्चस्व को लेकर कई बार संघर्ष और गैंगवार की घटनाएं हुईं, जिससे इलाके में भय का माहौल बना रहता था।
पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी। स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत किया है।
लोगों का कहना है कि लंबे समय से अपराधियों की गतिविधियों के कारण दियारा क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल था। पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों में राहत और सुरक्षा की भावना बढ़ी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी अभियान जारी है।


























