कदवा/कटिहार – सांसद तारिक अनवर ने रविवार को कदवा विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर विकास योजनाओं का उद्घाटन किया तथा जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने सबसे पहले डंडखोरा प्रखंड की सौरिया पंचायत स्थित शेखपुरा गांव पहुंचकर जिला बॉक्सिंग चैंपियन आर्यन कुमार को सम्मानित किया।सांसद ने आर्यन की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिले और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद सांसद ने डंडखोरा प्रखंड के बौरनी तथा डंडखोरा चर्च के समीप सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना से निर्मित हाई मास्ट टावर लाइट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था से लोगों को सुविधा मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। दौरे के अंतिम चरण में सांसद कदवा प्रखंड की कंटिया पंचायत स्थित सोनैली हाट पहुंचे।
जहां शिव मंदिर परिसर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। सांसद तारिक अनवर ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।
शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और खेल के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास के बल पर विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी। मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव,डॉ० विपिन,अवधेश मंडल,
पंडित सुरेंद्रनाथ ठाकुर,प्रदीप विश्वास, अशोक कुमार यादव, पिंटू यादव, संतोष कुमार पोद्दार, प्रमोद कुमार, जयशंकर ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि,सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


























