बारसोई /कटिहार – विद्युत प्रशाखा आबादपुर क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली जलाने वाले व विद्युत की चोरी करने वाले लोगों के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाते हुए विद्युत अभियंता आफताब आलम अंसारी ने कुल नौ लोगों के विरुद्ध आबादपुर थाने में एफआईआर मंगलवार को दर्ज कराई है।
इस संबंध में कनीय अभियंता आफताब ने बताया कि क्षेत्र के कुल नौ लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी का मामला दर्ज कराते हुए कुल 27517 रूपये का जुर्माना लगाया गया है।
उन्होंने जानकारी दीं कि हरनारोई पंचायत के हरनारोई ग्राम के अजीजुल हक पर 10383 रूपये, बारिओल ग्राम के दो लोगों सलाउद्दीन पर 2546 रूपये, अलैदा खातून पर 2546 रूपये एवं इसी पंचायत के चरखोरा ग्राम के चार लोगों रुहुल अली पर 2007 रूपये, मनिफा खातून के विरुद्ध 2007 रूपये, दुलाल राय पर 2007 रूपये, दिलगिर पर 2007 रूपये तथा नलसर पंचायत स्थित नयाटोला नलसर की शहनाज परवीन पर 2007 रूपये एवं चापाखोर पंचायत के चापाखोर निवासी सुलेमान के विरुद्ध 2007 रूपये का जुर्माना लगाया गया है।
कनीय अभियंता ने बताया कि उक्त सभी लोगों के पास पहले से भी बिजली बिल का बकाया था। बिजली बिल नहीं जमा करने के चलते उक्त सभी लोगों का विद्युत कनेक्शन काट दिया गया था।
बावजूद इसके ये सभी लोग मेन एल टी लाईन में अनाधिकृत रूप से तार जोड़कर बिजली का उपयोग कर रहे थे। गुप्त सुचना के आधार पर छापेमारी दल गठित कर उक्त सभी लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई है। जेई ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की चोरी करने वालों की खैर नहीं है पकडे जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




























