परिवार नियोजन पखवारा व नियमित टीकाकरण को लेकर पीएचसी टेढ़ागाछ में ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) टेढ़ागाछ में सोमवार को परिवार नियोजन पखवारा एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने की।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि 6 मार्च से 20 मार्च तक प्रखंड क्षेत्र में परिवार नियोजन पखवारा मनाया जा रहा है। इस दौरान योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा उन्हें स्थायी और अस्थायी परिवार नियोजन साधनों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए परिवार नियोजन कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए आशा कार्यकर्ता, एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर टीका लगाना बेहद जरूरी है।

इससे कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि टीकाकरण सत्रों का आयोजन तय समय पर किया जाए तथा कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रह जाए। इसके लिए माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करने और घर-घर संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

बैठक में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि विद्यालयों के माध्यम से भी परिवार नियोजन और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की सहायता से समुदाय तक सही जानकारी पहुंचाई जा सकती है।इस मौके पर बीएचएम अजय कुमार साह, बीईई अभिषेक कुमार, बीसीएम वकील अहमद सहित सभी महिला पर्यवेक्षक और आशा फेसिलेटर उपस्थित थे।

बैठक में सभी को अपने-अपने कार्यों के प्रति जिम्मेदारी से काम करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।अंत में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि परिवार नियोजन पखवारा और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी कर्मियों को सक्रिय भूमिका निभाने की जरूरत है, ताकि प्रखंड क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई