अमदाबाद में महानंदा नदी किनारे अवैध मिट्टी खनन पर कार्रवाई

SHARE:

जेसीबी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

कटिहार – जिले के अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार भरतकुल बांध से कई किलोमीटर दूर महानंदा नदी के किनारे जेसीबी मशीन लगाकर अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। बताया जाता है कि इस अवैध खनन की सूचना खनन विभाग को गुप्त रूप से मिली थी। सूचना मिलते ही खनन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही जेसीबी मशीन के मालिक ने मशीन को वहां से हटाकर दूसरे स्थान पर कर दिया, जिससे मौके पर मशीन नहीं मिल सकी। खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि महानंदा नदी के आसपास का क्षेत्र अवैध खनन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। नदी के किनारे इस तरह का अवैध मिट्टी खनन पर्यावरण और नदी तटबंध की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित जेसीबी मशीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान कर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खनन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में कहीं भी अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल छापेमारी की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध खनन की जानकारी प्रशासन को दें,ताकि समय रहते इस पर रोक लगाई जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई