बरारी /कटिहार – अवैध पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेमापुर पुलिस ने एक पिकअप वाहन से क्रूरता पूर्वक लादे गए आठ मवेशी बरामद करते हुए एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से पशुधन को लादकर मधुरा ढ़ाला की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में मधुरा ढ़ाला के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर उसे खदेड़कर पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरता पूर्वक लादे गए कुल आठ मवेशी बरामद किए गए।मौके से पुलिस ने एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया।
पशु तस्कर की पहचान मनसाही थाना क्षेत्र के कुशाहा मोहनपुर निवासी नजमुल हक (33) के रूप में हुई है। इस संबंध में सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर आठ मवेशी बरामद किए गए हैं। एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया गया है तथा पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


























