अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर,सड़क को करवाया गया अतिक्रमणमुक्त

SHARE:

अवैध रुप से बने दुकानों को हटाकर सड़क को कराया गया अतिक्रमणमुक्त

प्राणपुर/कटिहार – प्रखंड क्षेय्र अन्तर्गत एनएच 31 सड़क बुद्धनगर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर अवैध रूप से अवस्थित 44 दुकानों को प्रशासन ने उजाड़ कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान प्रशासन ने अवैध रुप से बनाये गये 44 कच्चे एवं पक्के मकान रूपी दुकान को बुलडोजर से हटाकर सड़क को खाली करा दिया।अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने को लेकर दंडाधिकारी सहित भारी संख्या में महिला एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्राणपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार महतो एवं अंचलाधिकारी शिखा कुमारी के नेतृत्व में सूझबूझ के साथ अतिक्रमण हटाने का कार्य आरंभ किया गया। जिसका भाकपा माले नेता पप्पू कुमार राय ने खुलकर विरोध करते हुए सड़क जाम करने का भी प्रयास किया। पुलिस ने बड़ी चालाकी से भाकपा माले नेता को घटनास्थल से उठाकर प्राणपुर थाना ले गई।

माहौल को शांत करते हुए पुनः अतिक्रमण हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरु हुआ और दुकानों को बुलडोजर से हटा दिया गया।इस दौरान दुकानदार अपने-अपने सामानों को बचाने का हरसंभव प्रयास करते गये देखे गये। थानाध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अभिकरण के कार्यपालक अभियंता बिनोद कुमार द्वारा जिला पदाधिकारी को अतिक्रमण हटाने का आवेदन दिया था। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने के लिए दंडाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी।

हलांकि अतिक्रमणमुक्त कराने के दौरान भाकपा माले नेता द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा था।उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए माले नेता को गिरफ्तार कर थाना लाया गया तथा अतिक्रमण कार्य पूरा कर लिया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी अतिक्रमण मुक्त कराये जाने पर आक्रोश व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने कहा कि इसका खामियाजा जनप्रतिनिधियों को आगामी पंचायत चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे दुकानदारों के रोजी-रोटी पर बुरा असर पड़ने वाला है।वहीं अतिक्रमण हटाने जाने से बुधनगर चौक पर वीरानी छा गई है। गजेंद्र सिंह, अजीत मंडल, रमेश मंडल, सुरेंद्र उरांव आदि ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन एवं मध्य विद्यालय बुधनगर के बीच सड़क के दोनों तरफ के अवैध अतिक्रमण को हटा कर खाली करा दिया गया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई