कटिहार – आगामी 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर कोशी संगम संस्था द्वारा महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रभावशाली नाटक चिन्नी मत हो उदास का भव्य मंचन किया जाएगा। नाटक का रिहर्सल अपने अंतिम चरण में है और सभी कलाकार पूरे उत्साह, ऊर्जा एवं समर्पण के साथ प्रस्तुति को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं।
यह नाटक समाज में महिलाओं के आत्मबल, संघर्ष, आत्मनिर्भरता और सम्मान के संदेश को सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा। संस्था का उद्देश्य कला के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैलाना तथा महिला सशक्तिकरण के विचार को जन-जन तक पहुंचाना है।
नाटक के लेखक रवि मुकुल एवं निर्देशक आलोक कुमार हैं। जिनके कुशल मार्गदर्शन में कलाकार अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
एक दर्जन से अधिक कलाकार इस प्रस्तुति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्य कलाकारों में सोनम शर्मा, गुलशन कुमार सिंह,अभिनव पाल, आलोक कुमार,अंजली कुमारी, विकास कुमार,श्रुति कुमारी झा, आकाशदीप,नंदकिशोर एवं कौशिक कर प्रमुख रूप से शामिल हैं। तकनीकी पक्ष को भी विशेष रूप से सशक्त बनाया गया है। बैकग्राउंड म्यूजिक की जिम्मेदारी कुमार सत्यम संभाल रहे हैं।
जबकि लाइटिंग की व्यवस्था मनीष कुमार के निर्देशन में की जा रही है। मेकअप का कार्य कौशिक कर एवं अंजली कुमारी द्वारा किया जा रहा है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह नाटक केवल एक प्रस्तुति नहीं। बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का एक सशक्त प्रयास है, जो महिला सशक्तिकरण के संदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। महिला दिवस के इस विशेष अवसर पर आयोजित यह नाट्य प्रस्तुति दर्शकों के लिए प्रेरणादायक और भावनात्मक अनुभव साबित होगी।

























