किशनगंज /पोठिया
पुत्र की लंबी आयु की कामना को लेकर महिलाओं द्वारा मनाया जाने वाला पर्व जिउतिया पूरे हर्ष एवं उत्साह के साथ पोठिया प्रखंड में मनाया जा रहा है।यह पर्व 3 दिनों तक चलता है।गुरुवार को महिलाओं द्वारा पवित्र सरोवर,तालाब,नदी में स्नान कर नहाय खाए के साथ इस महान लोक पर्व का प्रारंभ किया गया।
शुक्रवार को महिलाओं द्वारा जिउतिया पर्व के देवता जीतवाहन को खीरा, मिश्री का प्रसाद चढ़ाकर तथा 24 घंटे का निर्जला उपवास रखकर व्रत का प्रारंभ किया गया तथा शनिवार को इस पर्व का पारण पूरे नियम के साथ होगा।वहीं इस पर्व को लेकर बाजार में महिलाओं द्वारा सब्जियां जमकर खरीदारी की गई,जबकि इस पर्व में बनने वाली सब्जियां झिगली,पोईया, नोनिया का साग,बोड़ा,खीरा का दाम आसमान छू रहा था।वहीं इस पर्व की पूर्व संध्या पर लोगों द्वारा मछली की बड़े पैमाने पर खरीदारी की गई।
बताया जाता है कि इस पर्व को नियमपूर्वक करने से उनके संतानों की आयु लंबी होती है तथा वे खर जिउतिया के पर्व के प्रभाव से किसी भी बड़े खतरे से बच निकलते हैं।वहीं व्रती महिलाओं ने शुक्रवार शाम कथा का श्रवण किया।इस संबंध में पंडित अभय झा बताते है कि आश्विन मास के कृष्णपक्ष के प्रदोशकाल अष्टमी तिथि को माताएं अपने पुत्रों के दिर्घायु तथा स्वास्थ्य की कामना के लिए यह व्रत करती हैं।यह व्रत सभी सधवा, विधवा औरतें रखती हैं जिन्हें पुत्र हैं। वे भी जिन्हें पुत्रियां है वे भी यह व्रत रखती है।