सीमांचल की रेल परियोजनाओं को लेकर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन से की मुलाकात, कई अहम मांगें उठाईं

SHARE:

अररिया/बिपुल विश्वास


सीमांचल में रेल विकास को नई गति देने के उद्देश्य से अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात कर अररिया संसदीय क्षेत्र एवं सीमांचल की वर्षों पुरानी रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से उठाया।


मुलाकात के दौरान सांसद ने जोगबनी/फारबिसगंज वाशिंग पिट एवं कोच अनुरक्षण परियोजना की शीघ्र स्वीकृति, अररिया–सुपौल नई रेललाइन परियोजना में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान, जोगबनी–कोलकाता एक्सप्रेस का नियमित संचालन तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित अररिया रेलवे स्टेशन का जल्द उद्घाटन कराने की मांग की।


इसके अलावा उन्होंने जोगबनी–कटिहार डेमू सेवा को मेमू में परिवर्तित करने, अतिरिक्त यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू करने, राघोपुर–देवघर सावन स्पेशल ट्रेन का विस्तार फारबिसगंज/नरपतगंज तक करने तथा लक्ष्मीपुर–पोठिया–फारबिसगंज नई रेललाइन परियोजना को शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।


सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सीमांचल क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही। सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सीमांचल के समग्र विकास, बेहतर रेल संपर्क और यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!