KishanganjNews:एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 47 लाख की हेरोइन के साथ महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

सागर चंद्रा/ किशनगंज


किशनगंज पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 232.72 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला सहित तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और 6,890 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।


दरअसल एसपी संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सिलीगुड़ी से पटना जा रही एक बस के जरिए बड़ी मात्रा में हेरोइन की खेप भेजी जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एएनटीएफ टीम ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में फारिंगगोला चेकपोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सिलीगुड़ी की दिशा से आ रही बीआर 43 पी 9426 नंबर की बस को रोककर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान झारखंड के कोडरमा निवासी माया देवी (32) पति आजाद कुमार, वैशाली जिले के विदुपुर निवासी सोनू कुमार (27) पिता मुनी लाल सिंह और गौतम कुमार (20) पिता शंभू सिंह के पास से विभिन्न पैकेटों में कुल 232.72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हेरोइन की खेप को गुवाहाटी (असम) से पटना पहुंचाने जा रहे थे।


प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार तस्कर लंबे समय से संगठित गिरोह के रूप में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। इससे पहले भी आरोपी तीन बार नशीले पदार्थ की तस्करी किया था। लेकिन इस बार वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने असम, पश्चिम बंगाल, बिहार सहित कई राज्यों तक फैले अपने नेटवर्क का खुलासा किया है। जिसके आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।


पुलिस ने आम नागरिकों से मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर देने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!