ज्ञापन सौंपकर निर्बाध रूप से बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की
बारसोई /कटिहार – सुबे के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार मंडल उर्फ बुलो मंडल से मुलाकात कर विधायक संगीता देवी ने बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के बारसोई एवं बलरामपुर प्रखंड क्षेत्र में बिजली की समस्याओं से स्थिति से उन्हें अवगत कराया। बिजली व्यस्था को सुचारु करने की मांग कीं। ऊर्जा मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से उन्हें अवगत कराते हुए विधायक ने कहा कि बारसोई एवं बलरामपुर प्रखंड क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था अत्यंत ही निम्न दर्जे की है।
विगत दो-तीन माह से बलरामपुर विधानसभा के दोनों प्रखंडों में 24 घंटे में से लोगों को बमुश्किल से पांच से छह घंटे ही बिजली मयस्सर हो पा रही है। क्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर लो वोल्टेज की समस्या कायम है। जिसके चलते विद्युत उपकरण सफेद हाथी साबित हो रहे हैं। इस भीषण गर्मी में बिजली की उक्त अव्यवस्था से क्षेत्र में विधुत उपभोक्ताओं में पुरी तरह से हाहाकार मचा हुआ है।
विधुत विभाग के अधिकारी बिजली की समस्या पर बिल्कुल ही चुप्पी साधे हुए हैं। क्षेत्र में आये दिन लोड शेडिंग एवं जम्पर कटिंग की समस्या उत्पन्न होने के चलते दिन दिन भर बिजली गुल रहती है। उमस एव गर्मी में उपभोक्ताओं में त्राहिमाम मचा हुआ है। विधायक ने ऊर्जा मंत्री को बताया कि अब से दो वर्ष पूर्व बारसोई में हुए बिजली आंदोलन में दो लोगों के शहीद हो जाने पर भी बिजली विभाग के होश ठिकाने पर नहीं आए हैं।
विधायक ने ऊर्जा मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से उनसे दालकोला पॉवर ग्रिड से तेलता पॉवर हॉउस तक आई हुईं मेन लाईन को बारसोई पॉवर हॉउस तक जोड़ देने की बात कही है। विधायक ने बेलवाडांगी में एक नये पॉवर हाउस की स्थपना की मांग की है। विधायक संगीता देवी ने कहा कि बिजली मंत्री ने हमारी बातों को गंभीरता से लिया तथा दूरभाष पर पूर्णिया ऐसी से बात कर बिजली में तुरंत सुधार करने का निर्देशन देते हुए कहा नहीं तो सीधे करवाई होगी ।






















