फलका/कटिहार – टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रखंड क्षेत्र के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पोठिया में 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत मेगा स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख दीपशिखा सिंह,वरीय उपसहार्ता शशि भूषण कुमार शशि, बीडीओ सन्नी सौरभ, सीओ सौमी पौद्दार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पुष्पा कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अश्विनी कुमार, मुखिया महेंद्र प्रसाद साह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन उपरांत बीडीओ ने कहा कि सरकार की मंशा टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान कर समय पर इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि वर्ष 2026 तक देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को गति मिल सके। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के निर्देश पर 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रखंड के सभी पंचायतों में भी विशेष स्क्रीनिंग शिविर लगाए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान घर-घर पहुंचकर संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है तथा लक्षण मिलने पर तत्काल जांच कराई जा रही है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की टीबी की जांच की गई। खबर लिखे जाने तक 112 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी थी, जिसमें एक व्यक्ति टीबी का संदिग्ध पाया गया। उसका सैंपल जांच के लिए भेजते हुए आगे की चिकित्सीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मौके पर लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं निःशुल्क उपचार की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपील की गई कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना अथवा रात में पसीना आने जैसी शिकायत होने पर बिना किसी संकोच के नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
समय पर पहचान और नियमित दवा से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।इस मौके पर प्रधान लिपिक आशीष कुमार, स्वास्थ्य लेखा प्रबंधक पवन कुमार, बीसीएम रंजीता कुमारी, महिला पर्यवेक्षी का रजिया सुल्ताना, चिकित्सा पदाधिकारी गौतम कुमार, एएनएम, जीएनएम आदि मौजूद रहे ।






















