निसार अहमद/बहादुरगंज /किशनगंज
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाने से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ बहादुरगंज विधानसभा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अहमद हुसैन ने तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर सावित्री कुमारी पर पद के दुरुपयोग, अवैध वसूली और वारंटियों को अवैध संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
क्या है पूरा मामला:-
अहमद हुसैन द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, यह मामला पैतृक जमीन के विवाद से जुड़ा है।जिसमें कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। जहाँ आरोप है कि तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर सावित्री कुमारी ने रात के 02:00 बजे छापेमारी की और अहमद हुसैन के पिता को गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता का दावा है कि महिला अधिकारी ने उन्हें गिरफ्तार करने के बजाय, उनसे ‘अवैध संरक्षण’ का सौदा किया।
किस्तों में वसूली का आरोप:-
अहमद हुसैन का आरोप है कि जेल में बंद पिता की रिहाई और वारंट होने के बावजूद उन्हें गिरफ्तार न करने की एवज में महिला पुलिस अधिकारी ने उनसे कुल ₹15,000 की रिश्वत की मांग की। आरोप है कि यह राशि किस्तों में उनके निजी आवास पर ली गई।
अन्य आरोपी को भी दिया संरक्षण:-
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अपनी आँखों से देखा है कि उक्त महिला अधिकारी ने केस संख्या 161/2024 के मुख्य आरोपी आरिफ आलम को अपने निजी आवास पर बुलाकर केस से नाम हटाने के एवज में अवैध रूप से पैसे लिए थे।
प्राथमिकी दर्ज और जांच शुरू:-
अहमद हुसैन की शिकायत के बाद बहादुरगंज थाने में पुलिस द्वारा तात्कालिक पुलिस सब इंस्पेक्टर सावित्री कुमारी के विरुद्ध कांड संख्या 387/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीँ मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पुलिस इसकी वैज्ञानिक जांच करने की तैयारी में है। जहाँ केस के अनुसंधान की जिम्मेदारी थानाध्यक्ष बहादुरगंज सुनील कुमार को सौंपी गई है।
पूरे मामले पर एसडीपीओ ख़ुसरू शिराज ने कहा कि मामला दर्ज किया गया है और जांच के बाद अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।वहीँ क्षेत्र में यह खबर चर्चा का विषय बनी हुई है कि एक पुलिस अधिकारी पर इस तरह के गंभीर आरोप लगे हैं।





















