ग्राम विकास योजनाओं के निर्माण, वित्तीय प्रबंधन और जनभागीदारी पर हुई चर्चा
बरारी /कटिहार – प्रखंड मुख्यालय सभागार में ग्राम पंचायत विकास योजना जीपीडीपी विषय पर एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार धीरज ने की। प्रशिक्षण में मुखिया,उपमुखिया, पंचायत सचिव,पंचायत कार्यपालक सहायक,लेखापाल सह आईटी सहायक सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी शामिल रहे ।
बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। पंचायत स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन और क्रियान्वयन किया जाना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विकास योजनाओं में आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायतों में विकास योजनाओं की तैयारी, प्राथमिकताओं के निर्धारण, वित्तीय संसाधनों के बेहतर उपयोग,पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी राजकुमार सिंह, प्रखंड समन्वयक नीरज कुमार गुप्ता, कार्यपालक सहायक छोटू कुमार, संजय कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं दक्षिणी भंडारतल पंचायत के मुखिया मो. इब्राहिम, बैसा गोविंदपुर पंचायत के मुखिया अब्दुल मतीन सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया और उपमुखिया ने प्रशिक्षण में भाग लिया। कार्यक्रम में पंचायतों के माध्यम से विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।



























