NH-327 ई पर भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई सिलीगुड़ी-दरभंगा बस, चालक समेत 3 गंभीर

SHARE:


किशनगंज/बहादुरगंज। किशनगंज जिले के लोहागढ़ा स्थित खैखाट चौक के समीप शुक्रवार अहले सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिलीगुड़ी से दरभंगा जा रही राज ट्रैवल्स की यात्री बस सड़क किनारे खड़े एक पंचर ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में बस चालक, एक यात्री और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।


पंचर ट्रक बना हादसे की वजह


प्राप्त जानकारी के अनुसार खैखाट चौक के पास एक ट्रक पंचर होने के कारण हाईवे किनारे खड़ा था। इसी दौरान तड़के करीब 1 से 2 बजे के बीच सिलीगुड़ी से दरभंगा जा रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।


स्थानीय लोगों और NHAI कर्मियों ने चलाया राहत कार्य


हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंचे NHAI कर्मियों ने घायलों को तत्काल बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।


घायलों की पहचान सिलीगुड़ी निवासी शिवाजित, रजक झा तथा बेगूसराय निवासी अमरजीत के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।


पुलिस ने बस और ट्रक को किया जब्त


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस तथा ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़े ट्रक और बस की तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े खराब वाहनों के लिए पर्याप्त सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए जाने पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई