पोठिया/किशनगंज/राज कुमार
पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने एवं वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पोठिया प्रखंड के रायपुर पंचायत अंतर्गत चांदपुर गांव में किसान संवाद एवं पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, अर्राबाड़ी किशनगंज की ओर से आयोजित यह 106वां किसान संवाद कार्यक्रम था।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. चंद्रहास के दिशा निर्देश पर किया गया। शिविर के आयोजक सहायक प्राध्यापक डॉ. शिवरामन रामनारायणन ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों के द्वार तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाना और पशुपालन से जुड़ी समस्याओं को समझकर उनका समाधान करना है।
शिविर के दौरान 74 पशुपालकों के 167 छोटे-बड़े पशुओं की स्वास्थ्य जांच की गई। पशुओं में कृमि संक्रमण, प्रजनन संबंधी परेशानी, दूध उत्पादन में कमी सहित अन्य समस्याओं का परीक्षण कर पशुपालकों को उचित सलाह दी गई। इस दौरान पशुओं के लिए आवश्यक दवाइयां, खनिज तत्व और कृमिनाशक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आकृति ने बताया कि किसान संवाद के माध्यम से पशुपालकों को सेक्स सोर्टेड सीमेन तकनीक, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, बकरी पालन, संतुलित आहार, रोगों से बचाव और आधुनिक वैज्ञानिक पशुपालन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही 11 पशुपालक परिवारों से संपर्क कर उन्हें महाविद्यालय में उपलब्ध पशु चिकित्सा सुविधाओं और वैज्ञानिक गतिविधियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में इस प्रकार के शिविर लगने से पशुओं का समय पर इलाज संभव होता है और पशुपालन से जुड़ी नई जानकारियां मिलती हैं। पशुपालकों ने इस पहल के लिए महाविद्यालय के वैज्ञानिकों एवं चिकित्सकों का आभार जताया।


























