पौआखाली/रणविजय
पौआखाली नगर बाजार क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश और आकाशीय बिजली लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. बिजली गिरने और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण कई घरों में लगे विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार भौमिक, प्रदीप सिन्हा, कुणाल सिन्हा, राधेश्याम गुप्ता, विष्णु चौधरी, शंकर शाह, मनोज साह समेत अन्य कई लोगों के घरों और दुकानों में लगे पंखे, इन्वर्टर, सीसीटीवी कैमरे के डिस्प्ले, एलईडी बल्ब तथा अन्य बिजली संचालित उपकरण खराब हो गए हैं. प्रभावित लोगों का कहना है कि अचानक तेज गर्जना और बिजली चमकने के बाद उनके घरों के उपकरण काम करना बंद कर गए.
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली का खतरा बढ़ गया है. इससे न केवल लोगों को आर्थिक क्षति हुई है, बल्कि भीषण गर्मी के बीच पंखे और इन्वर्टर खराब होने से दैनिक जीवन भी प्रभावित हो गया है. वहीं बिजली उपकरणों की मरम्मती करने वाले रिपेयरिंग की दुकानों में भीड़ बढ़ने से अपने उपकरणों की मरम्मती में लोगों को काफी समय लग रहा है.
यहां आबादी के हिसाब से बिजली उपकरणों की मरम्मती करने वाले तकनीकी मिस्त्री की कमी का दंश लोग झेलने को विवश है. समय पर मिस्त्री नही मिल पाता है. वहीं विशेषज्ञों ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक विद्युत उपकरणों को मेन स्विच से बंद रखने और सर्ज प्रोटेक्टर का उपयोग करने की सलाह दी है.


























